72 घंटे आगरा की सड़कों से गायब रहेंगे भिखारी और बेसहारा पशु, जानिए क्या है मामला

आगरा: जी-20 देशों के सदस्यों के आगमन को देखते हुए आगरा जिला प्रशासन बड़ा कदम उठाने जा रहा है। इसको लेकर 72 घंटे तक आगरा भिखारी मुक्त रहेगा। एमजी रोड, फतेहाबाद रोड समेत अन्य जगहों पर सड़कों पर बेसहारा पशु भी नजर नहीं आएंगे। इस बीच कमिश्नरी चौराहे पर जी-20 की एक झांकी भी लगेगी। तमाम देशों के सदस्य 9 और 10 फरवरी को शहर में ही रहेंगे।

आपको बता दें कि एमजी रोड, फतेहाबाद रोड समेत अन्य जगहों पर तकरीबन 1500 से अधिक भिखारी हैं। यह चौराहों पर भीख मांगकर ही गुजर बसर करते हैं। कई बार पर्यटकों द्वारा गाड़ी रुकवाकर इन भिखारियों की फोटो भी खींची जाती है। जिस दौरान जी-20 देशों के 9 सदस्य आगरा में रहेंगे उस समय यह भिखारी शहर से हटा दिए जाएंगे। 8 फरवरी से 72 घंटे तक इन भिखारियों को सड़क से हटा दिया जाएगा। महिला भिखारी और बच्चों को रैन बसेरों में रखा जाएगा। प्रमुख मार्गों के किनारे पड़ने वाली झुग्गियों को भी हटवा दिया जाएगा। इस समयावधि में बेसहारा पशुओं को भी प्रमुख मार्गों से हटा दिया जाएगा।

जी-20 देशों के सदस्य वायुयाम से खेरिया एयरपोर्ट पर उतरेंगे। यहां से वह ताज कन्वेंशन जाएंगे और ताज पूर्वी गेट से ताजमहल का भ्रमण करते हुए आगरा किला जाएंगे। किला देखने के बाद वह फतेहाबाद रोड से हुए एमजी रोड पहुंचेंगे। यहां से भगवान टॉकीज चौहारा से नेशनल हाईवे-19 होते हुए सिकंदरा स्मारक पर पहुंचेंगे। स्मारक भ्रमण कर इसी रूट से वह वापस भी जाएंगे। माना जा रहा है कि कुछ सदस्य फतेहपुर सीकरी स्मारक को देखने के लिए भी जा सकते हैं। इस तमाम कार्यक्रम के मद्देनजर ही रूट प्लान किया है और इन रास्तों से भिखारी और आवारा पशुओं को हटा दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *