लखनऊ: होमगार्ड की बेटी की हत्या कर झाड़ियों में फेंका शव, शरीर पर मिले चोट के निशान, जताई रेप की आशंका

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक सनसनीखेज वारदात सामने आयी है। एक होमगार्ड की 14 साल की बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। बीते रविवार को उसका शव घर से 100 मीटर की दूरी पर झाड़ियों में पड़ा मिला है। बताया जा रहा है कि वह घर से किसी काम के लिए निकली थी। जब वह काफी देर तक घर वापस नहीं आई तो परिवार वालों ने उसे खोजना शुरू कर दिया। इसी बीच उनको बेटी का शव मिलने की जानकारी मिली। अंदेशा है कि दुष्कर्म के बाद नाबालिग की हत्या की गई है। जिसके बाद मामले की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।

शरीर पर मिले चोट के निशान
प्राप्त जानकारी कि अनुसार, बच्ची के शरीर पर चोट के हल्के निशान हैं। वहीं उसके गले पर भी घाव है। बता दें कि यह मामला लखनऊ के बीकेटी क्षेत्र का है। मृतक बच्ची के पिता का कहना है कि उनकी बेटी घर से सुबह शौच के लिए निकली थी। इस दौरान उसने 10 मिनट में घर वापस आने की बात कही थी। लेकिन जब वह वापस नहीं आई तो उसे खोजना शुरू किया गया। साथ ही गांव के लोगों से भी उसे तलाश करने के लिए कहा गया। इसके 15 मिनट बाद किसी गांव वाले ने बताया कि उनकी बेटी का शव झाड़ियों में पड़ा हुआ है। मृतका के पिता ने बताया कि सूचना देने के करीब डेढ़ घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। मृतका के पिता की मांग है कि बेटी को मारने वाले के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
उन्होंने कहा कि उनकी किसी से भी कोई दुश्मनी नहीं है। लेकिन पता नहीं उनकी बेटी की किसने हत्या की है। बच्ची का शव मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। बताया गया है कि गांव के लोग पुलिस की कार्रवाई से नाराज थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी बड़ी घटना होने के बाद भी पुलिस इतनी देरी से आई। वहीं विवाद अधिक बढ़ने पर डीसीपी आबिद कासिम मौके पर पुलिस बल के साथ पहुंचे। जिसके बाद उन्होंने बड़ी मुश्किल से लोगों को शांत कराया। डीसीपी ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जाएगी। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पता चलेगा कि उसके साथ दुष्कर्म हुआ है या नहीं। उन्होंने कहा जल्द ही पुलिस आरोपी को गिरफ्तार करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *