पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों में खूनी संघर्ष, गोली लगने से 3 की मौत और 2 गंभीर रूप से घायल

बदायूं: यूपी के बदायूं जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बता दें कि बुधवार को दो पक्षों में मामली सी बात पर कहासुनी हो गई। वहीं विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों को ओर से एक-दूसरे पर फायरिंग की गई। इस दौरान 3 लोगों की गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को इलाज के लिए फौरन जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद पुलिस को मामले की सूचना दी गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

एक-दूसरे पर की फायरिंग
यह घटना जरीफनगर थाना क्षेत्र के भक्ता नगला गांव की है। तनाव का महौल देखते हुए गांव में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। बताया गया है कि दोनों पक्षों के बीच यह विवाद 5 अक्टूबर 2021 से चल रहा है। एक पक्ष ने खेत पर काम करने के दौरान दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया था। जिसके बाद से दोनों पक्ष एक-दूसरे के आमने-सामने आ गए। एसएसपी डॉक्टर ओपी सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। वहीं एसपी सिटी एके श्रीवास्तव ने बताया कि जिला अस्पताल में भर्ती घायलों से बयान लिए जा रहे हैं। घायल व्यक्ति ने बताया कि खेत पर काम करने के दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर उन लोगों पर फायरिंग कर दी।

केस वापस लेने का बनाया दबाव
जिसके बचाव में उन लोगों ने भी हमला किया। इस दौरान जय प्रकाश, सत्येंद्र यादव और रेशम पाल की मौत हो गई। बताया गया कि अक्टूबर 2021 को खेत की मेड़ को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। तब मृतक जय प्रकाश और सत्येंद्र यादव के साथी जगदीश की मौत हो गई थी। जिसके बाद रेशमपाल पर केस दर्ज करवाया गया था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में रंजिश बढ़ती चली गई। आरोप है कि रेशमपाल ने दूसरे पक्ष पर केस वापस लिए जाने का दबाव बनाया था। लेकिन वह लोग केस वापस लेने को राजी नहीं हुए। जिसके बाद पहले पक्ष ने पहले पक्ष पर जानलेवा हमला कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *