भारत जोड़ो यात्रा: राहुल गांधी ने भेजा अखिलेश यादव को निमंत्रण, शामिल होने पर बरकरार है सस्पेंस

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव को आखिरकार राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा के लिए निमंत्रण भेज दिया है। वहीं भारत जोड़ो यात्रा के लिए निमंत्रण पत्र भेजे जाने पर अब सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने राहुल गांधी को धन्यवाद दिया है। बता दें कि बीते 29 दिसंबर को अखिलेश यादव ने बातचीत के दौरान कहा था कि वह भारत जोड़ो यात्रा में शामिल नहीं होंगे क्योंकि उन्हें इस यात्रा के लिए राहुल गांधी की तरफ से निमंत्रण नहीं दिया गया है। सपा प्रमुख के इस बयान के बाद राहुल गांधी ने उन्हें निमंत्रण भेजा है। जिस पर अखिलेश यादव ने उनका शुक्रिया किया है।

अखिलेश यादव ने किया धन्यवाद
अखिलेश यादव ने पत्र में धन्यवाद देते हुए लिखा है कि ‘प्रिय राहुल जी भारत जोड़ो यात्रा में निमंत्रण के लिए धन्यवाद एवं भारत जोड़ो की मुहिम की सफलता के लिए हार्दिक शुभकामनाएं।’ साथ ही अखिलेश यादव ने आगे लिखा कि भारत भौगोलिक विस्तार से अधिक एक भाव है। इसमें प्रेम, अहिंसा, करुणा, सहयोग और सौहार्द्र ही वो सकारात्मक तत्व हैं। जोकि भारत को जोड़ते हैं। उन्होंने आगे लिखा कि हमारे देश की इसी समावेशी संस्कृति के संरक्षण के उद्देश्य यह यात्रा अपने लक्ष्य को प्राप्त करेगी। हालांकि अखिलेश यादव इस यात्रा में शामिल होंगे या नहीं इस पर अभी भी सस्पेंस बरकरार है।

यूपी में की जा रही हैं व्यापक तैयारियां
बता दें कि बीते 29 दिसंबर को कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल होने के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा था कि उन्हें इसका निमंत्रण नहीं मिला है। साथ ही उन्होंने भाजपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए दोनों को एक जैसा बताया था। अब राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में कांग्रेस द्वारा आमंत्रिक किए जाने पर सपा प्रमुख अखिलेश ने कहा कि उनकी भावनाएं राहुल गांधी की यात्रा के साथ हैं। बता दें कि 3 जनवरी को भारत जोड़ो यात्रा यूपी में प्रवेश करेगी। इस दौरान यात्रा में उत्तर प्रदेश की सहभागिता भी बढ़ चढ़कर रहेगी। जिसके लिए व्यापक तैयारियां की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *