बुलंदशहर: मुर्गा पकड़ने गए युवक को महंगा पड़ा लालच, तेंदुए को फंसाने के वाले पिंजरे में काटनी पड़ी पूरी रात

बुलंदशहर: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से एक हैरान कर देने वाला अनोखा मामला सामने आया है। मुर्गे के लालच के चलते एक ग्रामीण तेंदुए के लिए लगाए गए पिंजरे में फंस गया। जिसके बाद ग्रामीण पूरी रात उसी पिंजरे में कैद रहा। जब स्थानीय लोग शुक्रवार की सुबह खेतों की ओर गए तो उसे पिंजरे में बंद देखकर बाहर निकाला गया। इस दौरान युवक करीब 15 घंटे तक पिंजरे में कैद रहा। यह मामला आगौता थाना क्षेत्र के बिसुन्दरा गांव का है। गांव में कुछ दिन पहले तेंदुआ देखा गया था। जिसके बाद ग्रामीणों ने वन विभाग को मामले की सूचना दी थी।

पिंजरे में बांधा था मुर्गा
तेंदुआ देखे जाने की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने गांव में तेंदुए की तलाश में कांबिंग की। लेकिन सफलता नहीं मिलने पर खेत के पास वन विभाग की टीम ने तेंदुए को पकड़ने के लिए एक पिंजरा लगा दिया। टीम ने पिंजरे के अंदर एक मुर्गा बांध दिया था। जिससे कि तेंदुआ शिकार देखकर पिंजरे के अंदर कैद हो सके। लेकिन पिंजरे में तेंदुए की जगह ग्रामीण फंस गया। दरअसल, गुरुवार रात 8 बजे के आसपास गांव में रहने वाले सतीश खेतों की तरफ गए थे। इस दौरान वह पिंजरे में मुर्गा बंद देख लालच में आ गए।

सारी रात पिंजरे में कैद रहा ग्रामीण
इसके बाद सतीश जैसे ही मुर्गा पकड़ने के लिए अंदर गए तो पिंजरे का गेट बंद हो गया। जिसके चलते उसे सारी रात के लिए पिंजरे में बितानी पड़ी। मामले की जानकारी होने पर मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। जिसके बाद सतीश को करीब 11 बजे के आसपास पिंजरे से बाहर निकाला गया। गांव में तेंदुआ देखे जाने के बाद से स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई है। वन विभाग के अधिकारी राधेश्याम ने बताया कि तेंदुए को फंसाने के लिए खेत में पिंजरे लगाया गया था। फिलहाल सतीश को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *