पूर्व गवर्नर केसरीनाथ त्रिपाठी का निधन, प्रयागराज आवास में ली अंतिम सांस, CM योगी ने जताया शोक

प्रयागराज: भाजपा के वरिष्ठ नेता और पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल पंडित केसरी नाथ त्रिपाठी का रविवार को निधन हो गया। बता दें कि 88 साल की उम्र में पंडित केसरी नाथ ने प्रयागराज स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। पिछले कुछ दिनों से उनका स्वास्थ्य खराब चल रहा था। तबियत ज्यादा खराब होने पर 30 दिसंबर को उन्हें प्रयागराज के ही एक्यूरा क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में वह 6 दिन तक भर्ती रहे थे। ऑक्सीजन लेवल काफी कम हो जाने पर उन्हें बाई पैप सपोर्ट पर रखा गया था। हालांकि उनके स्वास्थ्य में सुधार होने लगा था। बीते 4 जनवरी को उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया था।

लंबे समय तक भाजपा से जुड़े थे
प्रयागराज स्थित आवास पर उन्होंने रविवार तड़के करीब पांच बजे उनका निधन हो गया। पंडित केशरी नाथ त्रिपाठी का जन्म 10 नवंबर 1934 को हुआ था। वह लंबे समय तक भाजपा के साथ जुड़े थे। बता दें कि केसरी नाथ भाजपा की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष रहने के साथ ही विधानसभा के स्पीकर भी रह चुके थे। इसके अलावा उन्होंने पश्चिम बंगाल के राज्यपाल के तौर पर साल 2014 से 2019 तक जिम्मेदारी निभाई है। साथ ही उनके पास बिहार, मिजोरम और मेघालय के राज्यपाल का भी प्रभार था। वहीं प्रयागराज में 10 नवंबर को उनका जन्मदिन मनाया गया था। इस दौरान मुख्य अतिथि के तौर पर कैबिनेट मंत्री सूर्य प्रताप शाही समेत कई मंत्री और जिले के वरिष्ठ लोग शामिल हुए थे।

प्रयागराज में मनाया जाता था जन्मदिन
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल या विधानसभा के स्पीकर पद पर रहे तब भी उनका जन्मदिन प्रयागराज में ही मनाया जाता था। वह अपने जन्मदिन के मौके पर प्रयागराज आते थे। केसरी नाथ त्रिपाठी दो बार कोरोना पॉजिटिव हुए थे। इस दौरान उनका लखनऊ के SGPGI में इलाज किया गया था। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वह बाथरूम में फिसल कर गिर गए थे। जिससे उनका दाहिना हाथ फ्रैक्चर हो गया था। उसी के साथ ही वह शारीरिक तौर पर काफी कमजोर होते चले गए थे। नवंबर 2022 को शंकराचार्य आश्रम में आयोजित समारोह में हिस्सा लेने के लिए संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत आए थे। केसरी नाथ त्रिपाठी को भी आमंत्रित किया गया था। इस दौरान वह करीब 2 घंटे तक मंच पर भागवत के साथ बैठे थे। केसरी नाथ त्रिपाठी के निधन पर सीएम योगी ने भी शोक जताया है। सीएम योगी ने कहा कि वह एक वरिष्ठ और अनुभवी राजनेता थे। उनके निधन से समाज की अपूरणीय क्षति हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *