प्रयागराज: अटाला हिंसा के मुख्य आरोपी जावेद पंप से मुलाकात करेगी सपा डेलिगेट, SP नेता देवरिया जेल में हैं बंद

प्रयागराज: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का एक प्रतिनिधिमंडल सपा नेता जादेव पंप से मुलाकात करने के लिए देवरिया जेल जाएगा। प्रयागराज के अटाला इलाके में 10 जून 2022 को जुमे के दिन हिंसा और बवाल के दौरान आगजनी और पत्थरबाजी जैसी घटनाओं को अंजाम दिया गया था। जिसके बाद गौसनगर निवासी जावेद पंप को इस हिंसा का मुख्य आरोपी बनाया गया था। बता दें कि जावेद पंप वर्तमान में देवरिया जिला जेल में बंद है। प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने इस मुलाकात के लिए पत्र भी जारी किया है।

अखिलेश यादव ने मुलाकात के लिए बनाया प्रतिनिधिमंडल
बता दें कि इस पत्र में कहा गया है कि प्रयागराज के निर्वतमान सपा जिलाध्यक्ष योगेश चंद्र यादव, मेजा के विधायक संदीप पटेल और देवरिया के निर्वतमान सपा जिलाध्यक्ष डॉ.दिलीप यादव 18 जनवरी को देवरिया जेल जाकर जावेद पंप से मुलाकात करेंगे। इस दौरान जावेद पंप से मुलाकात कर बातचीत के बाद इसकी रिपोर्ट सपा के प्रदेश कार्यालय को सौंपी जाएगी। बता दें कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने जावेद पंप से मुलाकात करने के लिए एक प्रतिनिधिमंडल बनाया है।

भाजपा सरकार पर लगाए गए आरोप
शासन प्रशासन की तरफ से अटावा हिंसा के बाद जावेद पंप के गौसनगर स्थित तीन मंजिले मकान पर बुलडोजर चलाया गया था। साथ ही उनके घर को भी जमींदोज करा दिया गया था। हिंसा के बाद से जावेद पंप को देवरिया जेल में रखा गया है। जिलाध्यक्ष योगेश चंद्र यादव ने बातचीत के दौरान बताया कि भाजपा सरकार जावेद पंप को प्रताड़ित कर रही है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि जावेद को फर्जी मुकदमों में फंसा कर जेल में बंद किया गया है। उन्होंने कहा कि जाति और धर्म देखकर सरकार कार्रवाई कर रही है। समाजवादी पार्टी जावेद पंप के साथ खड़ी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *