बरेली: जमीनी विवाद को लेकर खूनी संघर्ष, ‘गन्ना हम काटेंगे’ के एलान के बाद फायरिंग, ट्रिपल मर्डर से दहला इलाका

बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में बुधवार शाम को 135 बीघा जमीन के विवाद में ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर 3 लोगों की हत्या कर दी गई। बता दें कि यह घटना जनपद के फरीदपुर के गोविंदपुर गांव में हुई है। पूर्व प्रधान सुरेश पाल तोमर ने अपने 20 साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। खेत पर आते ही पूर्व प्रधान और उनके साथियों ने दूसरे पक्ष पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। बताया गय़ा है कि 2 साल पहले इस कत्ल-ए-आम की शुरुआत हुई थी। जिसमें पहले भी एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। वहीं 3 महीने से दोनों पक्षों में फिर विवाद शुरू हो गया। बता दें कि फरीदपुर के गोविंदपुर गांव के जमीन खादर इलाके में 1 हजार बीघा जमीन है। इस खादर में पंजाब के किसानों के अहाते बने हैं। जहां पर वह अपने परिवार के साथ रहकर खेतीबाड़ी करते हैं।

135 बीघा जमीन के लिए हो रहा विवाद
वहीं बताया जा रहा है कि यह जमीन 1 हजार बीघा है। लेकिन 135 बीघा जमीन पर आस-पास के दबंग अपना दावा करते हैं। इसी बात को लेकर बुधवार देर शाम दो पक्षों में विवाद हो गया और फिर गोलीबारी शुरू हो गई। इस वारदात में सरदार परमेंद्र सिंह, देवेंद्र सिंह और एक अन्य की मौत हो गई। जबकि एक किसान घायल बताया जा रहा है। घायल किसान को फौरन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मरने वाला एक किसान आरोपी सुरेशपाल तोमर के पक्ष का बताया जा रहा है। बता दें कि 135 बीघा जमीन पर गन्ने की फसल बोई है। देवेंद्र सिंह पक्ष ने यह फसल बोई थी। जबकि पूर्व प्रधान सुरेशपाल तोमर इस फसल और जमीन पर दावा कर रहा था। ईख काटने को लेकर दोनों पक्ष पिछले 3 महीने से झगड़ा कर रहा था।

पहले हुए विवाद में हुई थी एक मौत
इस दौरान बिना कागजी रिकार्ड के कुछ जमीन बताई जा रही है। प्रशासन ने इस जमीन की नापतौल के लिए 2 साल पहले भी एक टीम भेजी थी। 2 साल पहले भी यहां हुई गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। फरीदपुर के तहसीलदार ने 2 दिन पहले ही करीब 53 लाख रुपए का जुर्माना लगाया है। मामले की सूचना मिलने पर बरेली पुलिस के अलावा बदायूं जिले की दातागंज की पुलिस भी मौके पर पहुंची। वहीं कई औऱ थानों की भी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शवों को जिला अस्पताल की मोर्चरी भेजा है। CO फरीदपुर गौरव सिंह ने बताया कि इस वारदात में 2 किसान पंजाब के मूल निवासी थे। वहीं पूर्व प्रधान सुरेशपाल और उसके समर्थकों पर हत्या का आरोप लगा है। सुरेशपाल रायपुर हंस का पूर्व प्रधान है।

ट्रिपल मर्डर से क्षेत्र में मचा हड़कंप
आरोप है कि बुधवार की शाम को 18-20 हथियार धारी लोगों को मौके पर लेकर पहुंचे पूर्व प्रधान ने धमकी देते हुए कहा कि ईंख वह काटेंगे। परमिंद्र सिंह पक्ष ने पूर्व प्रधान की इस बात का विरोध किया। इसके बाद पूर्व प्रधान ने अपने साथियों के साथ मिलकर राइफल से ताबड़तोड़ फायरिंग करना शुरू कर दिया। जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। फायरिंग होता देख दूसरे पक्ष ने भी अपने बचाव में फायरिंग करना शुरू कर दिया। आधे घंटे तक हुई फायरिंग में 3 लोगों की मौत हो गई। बता दें कि इस ट्रिपल मर्डर की सूचना से लखनऊ तक में हड़कंप मच गया। वहीं मामले की सूचना मिलने पर बरेली जोन के अपर पुलिस महानिदेशक पीसी मीणा, आईजी बरेली डॉ राकेश कुमार और SSP अखिलेश चौरसिया भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बताया कि केस दर्ज कर मामले पर कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *