एटा: मानव तस्करी में फंसी किशोरी ने बताई आपबीती, कहा- मार-पीट के बाद दिया जाता नशे का इंजेक्शन

एटा: उत्तर प्रदेश के एटा जिले से पकड़े गए मानव तस्करों से रिहा कराई गई किशोरी की आपबीती सुन पुलिस भी दंग रह गई। पीड़िता ने बताया कि गिरोह के लोग उसे बंधक बनाकर रखते थे। वहीं विरोध करने पर उसे पीटते थे और नशीला पदार्थ खिला देते थे। जिससे वह कई घंटो तक बेहोश रहती थी। किशोरी ने बताया कि वह 2 महीने से इसी तरह की यातनाएं झेल रही थी। किशोरी ने पुलिस को बताया कि उसे अपने बचने की कोई उम्मीद नहीं थी। पीड़िता के बयानों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों पर गंभीर धाराएं बढ़ाई हैं। रायपुरवा की रहने वाली 14 साल की नाबालिग 9 नवंबर को घर से नाराज होकर चली गई थी। वहीं डिप्टीपड़ाव में उसे एटा की रहने वाली पूजा नामक महिला मिली। पूजा ने किशोरी से बातचीत कर उसका विश्वास जीता और मदद का आश्वासन दिया।

2 महीने से झेल रही थी यातनाएं
इसके बाद पूजा किशोरी को नशीला पदार्थ खिलाने के बाद पति की सहायता से उसे अगवा कर ले गई। फिर पूजा ने किशोरी को बदायूं निवासी नत्थूलाल को 50 हजार रुपये में बेच दिया था। तब से नत्थूलाल और उसका लड़का किशोरी को बंधक बनाए थे। रायपुरवा एसओ अमान सिंह ने बताया कि पीड़िता के अनुसार वह लोग उसे यातनाएं दे रहे थे। पीड़िता को किसी तरह से नत्थूराम का फोन मिला तो उसने परिवार को अपने साथ हो रहे जुल्मों की जानकारी दी। पुलिस को जानकारी मिलने के बाद आऱोपियों को गिरफ्तार कर किशोरी को बंधनमुक्त कराया गया। एसओ ने बताया कि पीड़िता ने छेड़छाड़ की बात कही है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी नत्थूलाल का लड़का उससे छेड़खानी करता था।

आज कोर्ट में दर्ज होंगे पीड़िता के बयान
नत्थूलाल के लड़के से किशोरी की जबरन शादी कराने की तैयारी की जा रही थी। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस में पॉक्सो एक्ट, नशीला पदार्थ पिलाने, मारपीट, धमकी आदि की धाराएं बढ़ाई हैं। एसओ के अनुसार, नत्थूलाल के लड़के को भी मामले में आरोपी बनाया गया है। जल्द ही पुलिस उसे भी गिरफ्तार करेगी। सोमवार यानि की आज पुलिस कोर्ट में पीड़िता के बयान दर्ज कराएगी। साथ ही पीड़िता का मेडिकल भी कराया जाएगा। यदि मेडिकल रिपोर्ट में रेप की पुष्टि होती है या नाबालिग कोर्ट में इस पर बयान देती है तो आरोपियों पर गैंगरेप या रेप की धारा भी बढ़ाई जा सकती है। बता दें कि इससे पहले भी मानव तस्कर के मामले सामने आ चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *