गोंडा: बहन के साथ किराए के मकान में रह रहे शिक्षक की धारदार हथियार से हत्या, छात्रा ने पुलिस को बताया खौफनाक सच

गोंडा: यूपी के गोंडा जिले के फोरबिसगंज इलाके में एक टीचर की धारदार हथियार से बरहमी से हत्या कर दी गई। घर में हो रही मारपीट की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। पड़ोसियों ने देखा कि कृष्ण कुमार यादव घायल अवस्था में नीचे पड़े थे। जिसके बाद पुलिस को मामले की सूचना दी गई। वहीं घायल शिक्षक को अस्पताल ले जाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने कृष्ण कुमार को मृत घोषित कर दिया। मामले की सूचना मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज प्रजापति ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया।

बहन के साथ किराए के मकान में रहते थे शिक्षक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शहर में सिविल लाइन के लखनऊ हाईवे से सटे फोरबिसगंज 32 साल के कृष्ण कुमार साबिर नाम व्यक्ति के यहां किराए पर रहते थे। बताया गया कि कृष्ण जनता इंटर कॉलेज इटियाथोक में सहायक अध्यापक पद पर कार्यरत थे। मूलरूप से वह अंबेडकर नगर जिले के भषमापुर थाना जलालपुर के निवासी थे। देर रात तक उनका कमरा बंद रहा और खून बहता रहा। पुलिस की शुरूआती जांच में सामने आया है कि शाम के कृष्ण से मिलने 2 लोग आए थे। वह करीब 8 बजे चले गए थे। कृष्ण कुमार यादव अपनी बहन स्वाति के साथ किराए के मकान में रह रहे थे।

घटना के दौरान अकेले थे शिक्षक
वहीं किसी काम के सिलसिले में उनकी बहन स्वाति लखनऊ चली गई थी। इसी मौके का फायदा उठाकर आरोपियों ने कृष्ण कुमार यादव की हत्या कर दी। उसी घर में किराए पर रहने वाली एक छात्रा लकी सिंह ने बताया कि वह नीचे पढ़ाई कर रही थी। तभी अचानक से चिल्लाने की आवाज आ रही थी। जब उसने ऊपर जाकर देखा तो रोने की आवाज आ रही थी। लकी ने पुलिस को बताया कि भैया-भैया आवाज देने पर जब जवाब नहीं आया तो वह वापस नीचे चली आई। वहीं थोड़ी देर बाद फिर आवाज आने पर ऊपर गई तो देखा कि दो लोग शिक्षक के कमरे से निकल रहे थे। कृष्ण अंदर घायल अवस्था में पड़े हुए थे। जिसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी थी।

पुलिस कर रही मामले की पड़ताल
पुलिस ने आशंका जताई है कि शिक्षक से मिलने आए लोगों ने ही उसकी हत्या की होगी। फिलहाल पुलिस ने मृतक के परिजनों को मामले की सूचना दे दी है। पुलिस ने बताया कि डाग स्क्वायड के साथ फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच कर साक्ष्य एकत्र कर रही है। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की जांच के बाद कातिलों का पर्दाफाश होगा। साथ ही आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बताया जा रहा है कि पुलिस को मौके से कुछ अहम साक्ष्य मिले हैं। जिनके आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *