कानपुर: शराब के पैग के लिए दोस्त की हत्या, पुलिस ने ऐसे किया गिरफ्तार

कानपुर: कई बार छोटी-छोटी बाते इतनी बढ़ जाती हैं कि लोग एक दूसरे की हत्या तक कर देते हैं। शराब के नशे में अक्सर इस तरह की घटनाएं देखी जाती हैं। यूपी के कानपुर से भी ऐसा ही एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक मजदूर ने गार्ड की हत्या सिर्फ इस बात पर कर दी क्योंकि उसने शराब का पैग छोटा बनाया था।

घटना कानपुर महानगर के गोविंद नगर थाना अंतर्गत क्षेत्र से सामने आई है। यहां डी ब्लॉक स्थित श्याम कुटी अपार्टमेंट में सुरक्षागार्ड चंद्र प्रकाश की हत्या की वारदात सामने आई। मामले में जब पुलिस ने पड़ताल की तो पता लगा कि दोस्त ने ही इस वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी ने कड़ाई से पूछताछ के बाद अपना जुर्म भी कबूल कर लिया। जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी राजू ने बताया कि वारदात के दिन वह और चंद्र प्रकाश दोनों ही साथ में बैठकर शराब पी रहे थे। चंद्र प्रकाश उसका पैग छोटा बना रहा था। जब आरोपी ने इस बात का विरोध किया तो कहासुनी शुरू हो गई। चंद्रप्रकाश ने कहासुनी के बीच उसे गाली दे दी जिससे वह नाराज हो गया। आरोपी ने ईंट से चंद्र प्रकाश पर हमला किया जिससे उसकी मौत हो गई।

मामले को लेकर डीसीपी प्रमोद कुमार के द्वारा जानकारी दी गई कि राजू तकरीबन 4 माह से अपार्टमेंट में टाइल्स-पत्थर लगाने का काम कर रहा था। इसी बीच उसकी और सिक्योरिटी गार्ड चंद्र प्रकाश की दोस्ती हो गई। दोनों साथ में ही बैठकर शराब पीने लगे। इसी बीच दोनों में विवाद हो गया और राजू ने ईंट मारकर चंद्र प्रकाश की हत्या कर दी। राजू को पुलिस ने मऊ स्थित उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया है। राजू कहा रहता था इस बारे में भी किसी को नहीं पता था। हालांकि ठेकेदार ने एक बार उसकी पत्नी के खाते में रुपए भेजे थे और इसी खाते की डिटेल से पुलिस उस तक पहुंची है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *