लखनऊ: सौतेली बेटी ने शारीरिक शोषण से परेशान होकर की पिता की हत्या, बुर्के में लपेटकर शव को ऐसे लगाया ठिकाने

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शारीरिक शोषण से परेशान होकर सौतेली बेटी ने ई-रिक्शा ड्राइवर फैयाज की हत्या की थी। इसके बाद पति की मदद से फैयाज के शव को बुर्के में लपेट कर आम्रपाली हॉस्पिटल के सामने मैदान में फेंक दिया था। बता दें कि पुलिस ने 14 दिन बाद मामले का खुलासा करते हुए दंपति को गिरफ्तार कर लिया है। दुबग्गा इंस्पेक्टर सुखबीर सिंह भदौरिया ने बताया कि 19 दिसंबर को बुर्का से लिपटा एक शव मैदान की सूखी नाली में पड़ा मिला था। शव मिलने के 2 दिन बाद मृतक की शिनाख्त ई रिक्शा ड्राइवर फैयाज के रूप में हुई थी। मृतक की गर्दन पर कसाव के निशान मिले। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गर्दन दबाकर हत्या की बात सामने आने के बाद पुलिस मामले की पड़ताल में जुट गई।

सौतेला पिता बेटी के साथ करता था दुष्कर्म
पुलिस ने मामले पर जानकारी देते हुए बताया कि फैयाज ने अपनी पत्नी को तलाक देने के बाद विधवा मेहरून से निकाह किया था। उस समय महरून की पहले पति से बेटी समरीन बानो थी। फिर मेहरून और फैयाज की 3 बेटियां और एक बेटा हुआ। वहीं मेहरून ने समरीन का निकाह दुबग्गा में चार मंजिला निवासी तलाक शुदा मुहम्मद अनवार से की। पुलिस ने बताया कि जब वह फैयाज के परिवार को शव वाला वीडियो दिखा रहे थे तो उसकी सगी बेटियां रो रही थीं। जबकि समरीन मुस्कुरा रही थी। जिसके बाद पुलिस को उस पर शक हो गया। समरीन ने पुलिस पूछताछ में बताया कि फैयाज ने मां मेहरून से निकाह करने के कुछ सालों के बाद से उसके साथ छेड़छाड़ करना शुरू कर दिया था। समरीन की शादी से पहले भी फैयाज ने कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया। जब समरीन उसका विरोध करती तो वह उसे धमकी देकर चुप करा देता था।

पुलिस ने दोनों को किया गिरफ्तार
समरीन ने बताया कि शादी के बाद वह उसके ससुराल आकर दुष्कर्म करता था। फैयाज से पीछा छुड़ाने के लिए समरीन ने उसकी हत्या की साजिश रच डाली। 19 दिसंबर को उसका पति अनवार घर पर नहीं था। इस दौरान जब फैयाज घर आया तो उसकी चाय में समरीन ने 5 नशीली गोलियां मिला दी। फिर फैयाज के बेहोश होने पर समरीन ने उसके चेहरे और सिर पर रॉड से प्रहार किए। इसके बाद नायलॉन की रस्सी से फैयाज की गर्दन कस दी। हत्या के बाद दो घंटे तक वह फैयाज के शव के साथ रही। रात में अनवार के आने पर समरीन ने पति को पूरी कहानी बताई। फिर अनवार ने शव को ठिकाने लगाने के लिए एक बुर्का लिया और उसी में शव को लपेट कर ई-रिक्शा पर रख कर सुनसान इलाके में फेंक दिया। फिलहाल पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *