मुजफ्फरनगर: सात जन्मों का वादा कर पहली रात को लाखों रुपए लेकर फरार हुई दुल्हन, जानिए पूरा मामला

मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। नई-नवेली दुल्हन शादी की पहली रात ससुराल से लाखों का जेवर औऱ कैश लेकर फरार हो गई। वहीं ससुराल वाले इस घटना से बेखबर होकर गहरी नींद में सो रहे थे। अगले दिन सुबह नींद टूटने पर घर का सारा सामान फैला देख उनका सिर चकरा गया। वहीं घर से दुल्हन को गायब देख मामला समझते पल भर नहीं लगा। बता दें कि यह मामला मुजफ्फरनगर के सिखेड़ा थाना क्षेत्र के नगला मुबारिक का है। नगला मुबारिक निवासी किसान नीरज कुमार की शादी रुद्रपुर की तहसील सितारगंज निवासी रेखा नाम की एक युवती से हुई थी।

दूल्हे ने पुलिस को दी मामले की तहरीर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरिद्वार निवासी संजय और अमित नामक दो व्यक्तियों ने यह शादी करवाई थी। 1 लाख 20 हजार रुपए लेकर यह विवाह कराया गया था। जिसके बाद नीरज अपनी नई-नवेली दुल्हन के साथ अपने गांव वापस आ गया था। इसके बाद नई नवेली दुल्हन ने ससुराल आने पर इस रस्म बताकर घर में हलवा बनाया। इस हलवे को खाकर परिवार के सभी सदस्य गहरी नींद में सो गए। पीड़ित दूल्हा नीरज और उसके भाई परविंदर ने पुलिस को मामले पर तहरीर देते हुए बताया कि वह शादी के लिए हरिद्वार गए थे। शादी कराने वाले अमित और संजय उन्हें लेकर रूद्रपुर गए थे। रुद्रपुर में नीरज को लखविंदर कौर नाम की महिला से मिलवाया गया।

हलवे में मिलाया नशीला पदार्थ
वह महिला दोनों को सितारगंज के पास नानक पुख्ता कस्‍बा लेकर गई। जहां पर लड़की दिखाई गई और रिश्ता पक्का हो गया। इसके बाद संजय, अमित और महिला लखविंदर ने शादी करवाने के 1 लाख 20 हजार रुपए लिए थे। वहीं जब नीरज दुल्हन लेकर गांव स्थित घर पहुंचा तो दुल्हन ने जिद करके मीठा बनाया। जब नीरज की मां ने इंकार किया तो उसने मीठे से शुरूआत करने की बात बोली। इस दौरान उसने हलवे में नशीला पदार्थ मिलाकर सभी को खिला दिया। सभी के सोने के बाद नई नवेली दुल्हन ने अपने साथियों अमित और संजय को बुलाया। आरोप है कि घर से दो लाख रुपये, सोने के जेवरात और करीब 1 लाख रुपए का सामान लेकर फरार हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *