एयरफोर्स कर्मी की पत्नी ने सपा विधायक इरफान सोलंकी पर लगाया फैक्ट्री कब्जाने का आरोप, ACP कैंट को सौंपी गई जांच

कानपुर: समाजवादी पार्टी के विधायक इरफान सोलंकी की मुश्किलें कम होती नहीं नजर आ रही हैं। चकेरी के अहिरवां शिव शंकरपुरम निवासी रिटायर्ड एयरफोर्स कर्मी की पत्नी सरिता सिंह ने अब सपा विधायक पर गंभीर आरोप लगाया है। सरिता सिंह ने सपा विधायक सोलंकी पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर उनकी फैक्ट्री पर कब्जा जमा लिया है। पुलिस कमिश्नर से उन्होंने न्याय किए जाने की गुहार लगाई है। जिसके बाद पुलिस कमिश्नर ने ACP कैंट को मामले की जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। रिटायर्ड एयरफोर्स कर्मी की पत्नी सरिता ने बताया कि उनके पति कि कुछ साल पहले बीमारी से मौत हो गई थी।

पैतृक जमीन पर कब्जा करने का आरोप
सरिता सिंह ने बताया कि डिप्टी पड़ाव रेलवे लाइन के पास 1477 गज में चूना फैक्ट्री (मिल) थी। वह उनकी पैतृक जमीन है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि सपा विधायक ने वर्ष 2017 में अपने साथी अंकित जैन और अन्य साथियों के साथ मिलकर जबरन फैक्ट्री का ताला तोड़कर उस पर कब्जा कर लिया। वहीं उनके द्वारा विरोध करने पर इरफान सोलंकी ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी थी। सरिता सिंह के मुताबिक, वह तब से लगातार उच्चाधिकारियों से मामले की गुहार लगा रही हैं। लेकिन पुलिस द्वारा मामले पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। जिसके बाद अब एसीपी चकेरी अमरनाथ को मामले की जांच कर उचित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

बुधवार से संपत्तियां होंगी जब्त
पुलिस कमिश्नर बीपी जोगदंड ने मामले पर जानकारी देते हुए बताया कि सपा विधायक सोलंकी और उनके साथियों की अब तक 27 संपत्तियों की पहचान कर ली गई है। इन संपत्तियों की कीमत 150 से 200 करोड़ से अधिक बताई जा रही है। बता दें कि सपा विधायक और उनके साथियों की यह संपत्तियां शहर के कोतवाली, ग्वालटोली, चमनगंज, जाजमऊ, चकेरी के अलावा आस पास के जिलों में भी हैं। गैंगस्टर एक्ट के तहत बुधवार से इन संपत्तियों के जब्तीकरण की कार्रवाई शुरू की जाएगी। इंस्पेक्टर फीलखाना सुनील कुमार को इस मामले का नोडल अधिकारी बनाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *