आजमगढ़: शादी के लिए लड़की देखने गए युवक हुए अगवा, आरोपियों ने फिरौती में मांगे 1 लाख रुपए, पुलिस ने किया गिरफ्तार

आजमगढ़: यूपी के आजमगढ़ जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मथुरा निवासी सुरेश कुमार और उनके साथियों का दो युवकों ने अपहरण कर लिया। इसके बाद आरोपी 1 लाख की फिरौती की मांग करने लगे। फिलहाल पुलिस ने 1 लाख फिरौती मांगने वाले दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़ित सुरेश कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह शादी के लिए लड़की देखने के लिए आजमगढ़ आए थे। इस दौरान उनके साथ मौसी का लड़का अशोक और साथी रमाकान्त भी थे। सुरेश ने पुलिस को बताया कि आजमगढ़ के बुढ़ऊ बाबा मन्दिर के पास लड़की देखने की बात हुई थी।

पुलिस ने दर्ज किया केस
वहीं तय तारीख यानि की 16 फरवरी को सुरेश अपने साथियों के साथ लड़की का इंतजार कर रहे थे। तभी कार सवार दो बदमाश उन्हें असलहे का डर दिखाकर गाड़ी में बैठाकर मुर्गी फार्म पर ले गए। वहां पर तीनों को कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने अशोक की जेब से 5 हजार रुपए निकाल लिए और सभी को बंधक बनाकर 1 लाख रुपए फिरौती की मांग करने लगे। किसी तरह से बचकर पीड़ित पुलिस के पास पहुंचा और मामले की सूचना दी। जिसके बाद पुलिस ने केस दर्जकर मामले की जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार
महराजगंज थाने के प्रभारी कमलकांत वर्मा ने बताया जब पीड़ित से अन्य साथियों के बंधक बनाए गए स्थान की जानकारी मांगी गई तो उसने एक कमरे की ओर इशारा कर दिया। जहां पर अन्य दो युवक अशोक और रमाकांत बंधक बने थे। पुलिस ने चारों ओर से घेराबंदी कर कमरे को खुलवाया। दरवाजा खुलने पर दो व्यक्ति दीवार के किनारे डरे-सहमे बैठे थे। वहीं आरोपी भी कमरे में मौजूद थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मौके से पुलिस ने घटना में उपयोग की गई कार, तमंचा बरामद किया है। आरोपियों की पहचान अविनाश सिंह और रोहित कुमार सिंह के रूप में हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *