बदायूं: 10 साल के बच्चे की हत्या कर खेत में फेंका शव, पुरानी रंजिश की भेंट चढ़ा मासूम, 3 लोगों पर केस दर्ज

बदायूं: उत्तर प्रदेश के बदांयू जिले में एक 10 साल का बच्चा खेत पर खेलते हुए संदिग्ध तरीके से लापता हो गया। जिसके बाद रविवार रात 10 बजे बच्चे की लाश बरामद हुई। बताया जा रहा है कि बच्चे कि गला दबाकर हत्या की गई है। मृतक बच्चे के परिवार वालों का कहना है कि प्रधानी चुनाव की रंजिश के कारण बच्चे की हत्या की गई है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं 3 लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। प्राप्त जानकारी की अनुसार, रफातपुर निवासी नेम सिंह की पत्नी सर्वेश रविवार सुबह अपने खेत पर गेहूं की फसल में पानी लगाने गई थी। सर्वेश के साथ 10 साल का बेटा गुरजीत भी खेत पर गया था।

मां के साथ खेत पर गया था बच्चा
जहां पर वह काफी देर तक अपनी मां के साथ रहा और करीब 1 बजे के आस पास वह थोड़ी देर में आने की बात कहकर चला गया। इसके बाद गुरजीत वापस नहीं लौटा। वहीं उसकी मां बेटे के वापस आने का इंतजार करती रही। इसके बाद रात 10 बजे के आसपास खेतों की ओर से गुजरे स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे सरसों के खेत में गुरजीत का शव पड़ा देखा। जिसके बाद परिवार वालों और पुलिस को मामले की सूचना दी गई। सूचना मिलने के थोड़ी देर बाद सीओ बिल्सी और प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। गुरजीत का लोअर लिप्टिस के पेड़ पर बंधा था। गुरजीत के पिता ने गांव निवासी तीन लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है।

तीन लोगों पर दर्ज हुआ केस
पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया। बताया गया कि एक बीघा के टुकड़े को लेकर भी आरोपी पक्ष से नेमसिंह का विवाद चल रहा था। कई लोगों के नाम नेम सिंह ने जमीन के पट्टे करवा दिए थे। इसके बाद वह खुद के नाम पर पट्टा कराने की तैयारी कर रहा था। परिजनों ने तहरीर में भी जमीन के विवाद में हत्या की बात का जिक्र किया है। बता दें कि पिछला प्रधानी का चुनाव नेम सिंह लड़ा था। जिसमें वह 14 वोटों से हार गया था। वहीं गांव निवासी मटरू ने दूसरे प्रत्याशी को चुनाव लड़वाया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *