दहेज के लिए हैवान बना पति, पीड़िता बोली- जबरन शराब पिलाकर घंटो रखता निर्वस्त्र, फिर लाइटर से जलाता नाजुक अंग

कानपुर: यूपी के कानपुर जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शादी के बाद दहेज की मांग पूरी न होने पर पति ने पत्नी के साथ हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। पीड़िता ने पुलिस से मामले की शिकायत करते हुए बताया कि पति उसे जबरन शराब और सिगरेट पिलाकर उसके नाजुक अंगों को जलाता था और फिर दर्द से तड़पता देख हंसता था। पीड़िता ने आरोपी पति पर आरोप लगाते हुए कहा कि मोबाइल से तस्वीरें खींचकर उसे बदनाम करता था। महिला ने पति समेत पांच ससुरालीजनों पर गोविंदनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

देवर ने भी की छेड़छाड़
महिला के अनुसार, उसका पति उसे कई-कई घंटों तक निर्वस्त्र रखता था। जिसके कारण पीड़िता डिप्रेशन में रहने लगी थी। महिला ने आरोप लगाते हुए कहा कि उसका पति बिना कुछ बताए कई-कई दिनों तक उसे अकेला छोड़कर चला जाता था। महिला ने बताया कि लखनऊ के खारिका निवासी युवक से उसकी वर्ष 2020 में शादी हुई थी। शादी में 40 लाख रुपए का खर्च आया था। लेकिन इसके बाद भी सुसराल वाले उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। वहीं गर्भवती होने पर ससुरालीजनों ने जबरन उसका गर्भपात करा दिया। पीड़िता का आरोप है कि उसके देवर ने भी उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी।

17 जनवरी से मायके में रह रही है पीड़िता
वहीं पति की प्रताड़ना से परेशान होकर वह 17 जनवरी से अपने मायके में रह रही है। महिला ने पति, देवर, सास, ससुर और ननद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। महिला ने बताया कि अगस्त 2022 में उसका देवर आकाश चौहान उर्फ रजत पूणे से वापस आया। जिसके बाद उसने कई बार छेड़खानी की। जब पीड़िता ने अपने पति से मामले की शिकायत की तो पति ने उल्टा पत्नी पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह दोनों भाइयों में लड़ाई करवाना चाहती है। महिला के अनुसार, उसके पति के बैग से कई लेटर और लड़कियों की फोटो मिली है।

लोक-लाज के काऱण नहीं की शिकायत
जिन्हें पढ़ने से यह स्पष्ट हो गया कि उसका पति एक अय्याश किस्म का व्यक्ति है। साथ ही उसके कई लड़कियों से संबंध हैं। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि जब वह पति से इस बारे में कुछ पूछती तो वह उसकी बेरहमी से पिटाई कर देता। महिला ने बताया कि उसका कोई भाई नहीं है और माता-पिता बुजुर्ग हैं। इसलिए वह अपनी शादी को बचाने की कोशिश करती रही और किसी से मामले की शिकायत नहीं की। लेकिन हैवानियत की हद पार किए जाने के बाद महिला ने यह कदम उठाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *