लिव-इन पार्टनर ने महिला से मारपीट कर फोड़ी आंख, फिर कूंच दिया चेहरा, 7 साल की मासूम के सामने हैवान बना आरोपी

प्रयागराज: यूपी के प्रयागराज जिले में एक महिला की उसके प्रेमी ने हत्या कर दी। आरोपी ने 7 साल की मासूम बेटी के सामने महिला की हत्या कर चेहरा बुरी तरह से कूंच दिया। इसके बाद आरोपी ने डंडे से महिला की एक आंख भी फोड़ दी। महिला अपने प्रेमी के साथ लिव-इन में रहती थी। वह 10 दिन पहले अपनी 7 साल की बेटी दामिनी के साथ प्रयागराज आई थी। वहीं प्रेमी मनीष यादव भी महिला के घर में रहता था। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मनीष मौके से फरार हो गया। दारागंज पुलिस देर रात तक आरोपी की तलाश करती रही। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पैसों को लेकर विवाद हुआ था। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने 7 साल की मासूम से मामले की पूछताछ की तो उसने बताया कि मां के दोस्त ने डंडे से पीट-पीटकर मां को मार डाला।

बच्ची के सामने मां की हत्या
बता दें कि मूल रूप से रीवा मऊगंज के दुगना कुर्मियान गांव निवासी 45 साल की सुनीता के पति अच्छेलाल वर्मा की 2020 में सड़क दुर्घटना में मौत हो चुकी है। दंपति के 4 बच्चे हैं। जिनमें 2 बेटे और 2 बेटियां हैं। सबसे छोटी दामिनी है। वह अपनी मां के साथ रहती थी। जबकि बाकी बच्चे रीवा में रह रहे हैं। मासूम दामिनी ने बताया कि घटना के दौरान वह सो रही थी। मां के रोने की आवाज सुनकर उसकी आंख खुली तो देखा कि अंकल उसकी मां को मार रहे हैं। जब उसने मां को छोड़े जाने को कहा कि तो आरोपी ने उसे भी धक्का दे दिया। इसके बाद आरोपी मनीष ने सुनीता का चेहरा कूंच दिया। मनीष यादव कौशांबी जिले के करारी कस्बे का निवासी था। सुनीता औऱ मनीष मजदूरी करते थे। दामिनी ने बताया कि आरोपी मनीष रात में शराब के नशे में घर वापस लौटा था।

पुलिस कर रही आरोपी की तलाश
मासूम ने बताया कि वह मां से पैसे मांग रहा था। पैसे नहीं दिए जाने पर उसने सुनीता की बेरहमी से पीटने के बाद उसकी आंखें फोड़ दी। चौकीदार राम कृपाल ने बताया कि रात में शोर-शराबे की आवाज आने पर उसने माघ मेले में तैनात पुलिस को सूचना दी। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस महिला को लेकर SRN अस्पताल पहुंची। जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ACP आस्था जायसवाल ने बताया कि मृतका के बेटों को मामले की सूचना दे दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। ACP आस्था ने कहा कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बताया गया कि पति की मौत के बाद सुनीता मायके वालों के साथ सूरत चली गई थी। वहीं पर उसकी मुलाकात मनीष यादव से हुई। इसके बाद दोनों साथ में रहने लगे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *