रामचरितमानस विवाद: प्रतियां जलाने पर स्वामी प्रसाद मौर्य समेत 10 लोगों पर दर्ज हुआ मुकदमा, 5 गिरफ्तार

लखनऊ: यूपी की राजधानी लखनऊ में पीजीआई के के वृंदावन कालोनी में आबोसी महासभा के पदाधिकारियों ने श्रीरामचरितमानस के पन्नों की प्रतियां जलाकर विरोध प्रदर्शन किया था। जिसके बाद पुलिस ने स्वामी प्रसाद मौर्य समेत 10 नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। बता दें कि सोमवार सुबह को पुलिस ने 5 आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं अन्य की तलाश की जा रही है। बता दें कि स्वामी प्रसाद मौर्य द्वारा रामचरितमानस पर दिए गए विवादित बयान के समर्थन में बीते रविवार को ओबीसी महासभा ने विरोध प्रदर्शन किया था। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने मानस की प्रतियां फाड़कर जला दिया था।

रामचरितमानस में की थी संशोधन की मांग
बता दें कि सनातन धर्म संस्कृति और श्रीराम चरित मानस की चौपाई और रचयिता तुलसीदास पर भी सवाल उठाते हुए महासभा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की थी। महासभा के पदाधिकारी देवेंद्र यादव ने विरोध प्रदर्शन के दौरान कहा था कि मानस की कई चौपाइयों में महिलाओं और जातियों के विषय में गलत बातें लिखी हैं। पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मांग करते मानस में संशोधन करने की मांग की थी। वहीं जल्द से जल्द संशोधन नहीं किए जाने पर पूरे देश में विरोध प्रदर्शन किए जाने की बात कही थी।

आरोपितों की गिरफ्तारी की हुई थी मांग
वहीं प्रतियां जलाने वीडियो वायरल होने के बाद हिंदू महासभा समेत कई अन्य संगठनों ने इसका विरोध किया था। जिसके बाद आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की गई थी। वहीं देर रात PGI पुलिस ने ऐशबाग निवासी बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला कार्य समिति के सदस्य सतनाम सिंह उर्फ लवी की तहरीर पर स्वामी प्रसाद मौर्य, देवेंद्र सिंह, यशपाल सिंह लोधी, सत्येंद्र कुशवाहा, महेंद्र प्रताप यादव, सुजीत यादव, नरेश सिंह, एसएस यादव, संतोष वर्मा, सलीम और कुछ अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

पुलिस ने 5 लोगों को किया गिरफ्तार
सतनाम सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि मानस की प्रतियां जलाकर एक समुदाय की भावनाओं को आहत करने, सांप्रदायिक दंगा फैलाने, विद्वेष फैलाने, हिंसा के लिए लोगों को उकसाने, राज्य की लोक व्यवस्था व कानून व्यवस्था को खराब करने और जानबूझकर माहौल खराब करने की कोशिश की गई है। ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। एडीसीपी पूर्वी सैयद अली अब्बास ने बताया कि पुलिस ने सोमवार को मामले में आरोपित देवेंद्र सिंह, सलीम समेत 5 को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *